
उदित वाणी, जमशेदपुर: फाल्गुन की मस्ती के साथ शहर का होली बाजार पूरी तरह सज चुका है. इस बार शहर में सिर्फ पारंपरिक होली नहीं, बल्कि कुछ अलग और खास नजारा देखने को मिलेगा। इसकी वजह है बाजारों में उपलब्ध पिचकारियों, रंगों और गुलाल की शानदार विविधता, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक हर वर्ग को अपनी ओर खींच रही है।
साकची, बिष्टुपुर और मानगो के बाजारों में रंग-बिरंगी गुलाल, हर्बल रंग और आकर्षक पिचकारियों की दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी है. खासकर ईश्वर बाजार इस बार होली की खरीदारी का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां सुबह से ही ग्राहकों की चहल-पहल देखी जा रही है.
रंगों के नाम और दाम
बाजार में इस बार कई प्रकार के रंग उपलब्ध हैं. पारंपरिक लाल, गुलाबी, हरा और पीला गुलाल 60 से 100 रुपये प्रति पैकेट के दर से बिक रहा है. हर्बल गुलाल, पिचकू रंग, सिलेंडर गुलाल, स्प्रे गुलाल और खुशबूदार अबीर लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं.
हर्बल गुलाल, जिसमें केमिकल नहीं होने का दावा किया जा रहा है, 120 से 180 रुपये प्रति पैकेट तक पहुंच गया है. सिल्वर और गोल्डन शाइन वाले स्पेशल गुलाल 200 रुपये तक बिक रहे हैं. बच्चों के लिए कार्टून पैक में रंग 80 से 150 रुपये में उपलब्ध हैं. वहीं, 500 ग्राम का कलर पाउडर पैक 70 से 130 रुपये तक में बिक रहा है.
इस बार बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, सुपरहीरो और राजनीतिक हस्तियों की तस्वीरों वाले पैकेट भी बाजार में उपलब्ध हैं, जो खरीददारों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

पिचकारियों के कितने प्रकार और क्या है रेट
इस बार चश्मा लगी पिचकारी, हेलमेट स्टाइल वाटर गन और मल्टी-नोजल पिचकारियां भी बाजार में आई हैं, जिनसे एक साथ कई धाराओं में रंग निकलता है. हाई-प्रेशर पिचकारी और लंबी रेंज वाली वाटर गन की खास मांग देखने को मिल रही है. बाजार में 20 से अधिक डिजाइन और मॉडल उपलब्ध हैं. साधारण प्लास्टिक पिचकारी 40 से 70 रुपये में मिल रही है. टैंक वाली बड़ी पिचकारी 150 से 350 रुपये तक बिक रही है. कार्टून कैरेक्टर पिचकारी, जैसे सुपरहीरो और एनिमेटेड डिजाइन वाली पिचकारियां, 120 से 250 रुपये तक उपलब्ध हैं. मेटल बॉडी और हाई-प्रेशर पिचकारी 400 से 600 रुपये तक पहुंच गई है. बच्चों के लिए छोटे आकार की मिनी पिचकारी 30 से 50 रुपये में मिल रही है.
इस बार बाजार में क्या रहेगा खास
इस बार बाजार में विशेष रूप से हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों के लिए अलग स्टॉल लगाई गई हैं. यहां “इको-फ्रेंडली होली” थीम पर आधारित उत्पाद रखे गए हैं. इसके अलावा रंगों के साथ पानी के गुब्बारों के पैकेट 20 से 40 रुपये में बिक रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि इस बार ग्राहकों की मांग हर्बल और स्किन-फ्रेंडली उत्पादों की ज्यादा है.
व्यापारियों को उम्मीद है कि होली नजदीक आते-आते बिक्री में और तेजी आएगी. बाजार की रौनक से साफ है कि इस बार जमशेदपुर में होली पूरी धूमधाम से मनाई जाएगी.
3-डी प्रिंटेड मास्क
शहर में होली मिलन आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है. सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित समारोहों के लिए स्वागत पट्टों और पगड़ियों की जोरदार मांग बनी हुई है. बाजार में 35 रुपये से 200 रुपये तक के आकर्षक पट्टे उपलब्ध हैं, जबकि 50 रुपये से 150 रुपये की कीमत में विविध डिजाइनों वाली टोपी खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं. इसके अलावा 3-डी प्रिंटेड रबड़ मास्क, जो देखने में काफी असली लगते हैं, युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं.
होली के अवसर पर पहनने के लिए नवीन डिज़ाइन की टी-शर्ट और कुर्ता-पायजामा भी बाजार में सजे हैं और इनकी बिक्री में भी उत्साहजनक बढ़ोतरी देखी जा रही है.

