
उदित वाणी, जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान और नाम हटाने की प्रक्रिया तेज की गई है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी ने बताया कि प्रखंडवार जारी केपीआई रिपोर्ट के आधार पर व्यापक स्तर पर जांच व सत्यापन चल रहा है.
संदिग्ध आधार प्रविष्टियां
जिले में कुल 22,975 संदिग्ध आधार प्रविष्टियां पाई गई थीं. इनमें से अब तक 20,067 नाम हटाए जा चुके हैं, जबकि 2,746 का सत्यापन जारी है.
RCMS श्रेणी की जांच
आरसीएमएस (18 वर्ष से कम या 100 वर्ष से अधिक उम्र के एकल सदस्य कार्डधारी) श्रेणी में 16,399 प्रविष्टियां मिलीं. इनमें से 2,274 को हटाया गया है, 793 योग्य पाए गए हैं जबकि 13,332 का सत्यापन जारी है.
मौन राशन कार्डधारी
छह महीने या उससे अधिक समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले मौन राशन कार्डधारियों की संख्या 1,64,237 रही. इनमें से 50,323 को डिलीट किया जा चुका है, 576 योग्य पाए गए तथा 1,13,338 का सत्यापन अभी शेष है.
सबसे अधिक मौन राशन कार्डधारी जमशेदपुर शहरी क्षेत्र (68,565) और गोलमुरी-कम-जुगसलाई प्रखंड (46,703) में सामने आए हैं.
डुप्लिकेट लाभुक
जिले में कुल 25,321 डुप्लिकेट लाभुक पाए गए. इनमें से 426 नाम हटाए गए, 4,009 योग्य पाए गए जबकि 20,886 पर सत्यापन जारी है.
उपायुक्त का निर्देश
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह अभियान वास्तविक लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है. डुप्लिकेट या अपात्र नाम सूची से हटाकर सुनिश्चित किया जाएगा कि जरूरतमंद और पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले. उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया है.
