
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित छात्राओं के लिए साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत वितरण किए गए कुछ साइकिलों की खराब गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है.
उपायुक्त के निर्देश पर गठित दो सदस्यीय जांच टीम — जिसमें जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद और प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमशेदपुर सदर सुमित प्रकाश शामिल थे — ने जांच के दौरान पाया कि टाटा वर्कर्स यूनियन स्कूल, कदमा की 10 छात्राओं को ऐसी साइकिलें वितरित की गई थीं, जो चलने योग्य स्थिति में नहीं थीं.
तत्काल बदले गए साइकिल
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद संबंधित छात्राओं के खराब साइकिलों को त्वरित रूप से नए साइकिल से बदल दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
संवेदक को सख्त हिदायत
संबंधित संवेदक (विक्रेता/आपूर्तिकर्ता) को कड़ी हिदायत दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराई न जाए. साथ ही, खराब साइकिलों को तत्काल स्टॉक से हटाने का निर्देश भी दिया गया है.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण साइकिल वितरण सुनिश्चित करना संबंधित संवेदक और विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है. भविष्य में यदि ऐसी लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

