
उदित वाणी, जमशेदपुर : 134वें डूरंड कप 2025 के अवसर पर XLRI सभागार, जमशेदपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में डूरंड कप ट्रॉफी का अनावरण किया गया. कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस आयोजन का नेतृत्व भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किया गया, जिसमें झारखंड सरकार ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया. समारोह में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, खेल निदेशक शेखर जमुआर, टाटा स्टील एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे.
राज्यपाल ने की खेल संस्कृति के विकास की सराहना
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि डूरंड कप जैसा प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक टूर्नामेंट झारखंड में आयोजित होना राज्य के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से राज्य की युवाशक्ति को अनुशासन, एकता और टीम भावना की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षित करने, अवसर प्रदान करने और आधारभूत संरचना मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है. ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए भारत सरकार के दावे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहुंचने के लिए ऐसे आयोजन प्रेरणास्रोत हैं.
मंत्री रामदास सोरेन बोले: “खेल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं”
मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति से खिलाड़ियों को न केवल प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि उनके समग्र विकास की दिशा में भी ठोस पहल हो रही है. डूरंड कप जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभव और exposure दोनों मिलेगा. उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस आयोजन से न केवल खेल, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा.

लोकनृत्य, लोककला और सैन्य जोश का संगम
समारोह में भारत की एकता और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न राज्यों की लोकनृत्य प्रस्तुतियाँ हुईं. झारखंड की छऊ और संथाली नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं भारतीय सेना के जवानों द्वारा प्रस्तुत पंजाब का भांगड़ा नृत्य पूरे सभागार में ऊर्जा का संचार कर गया. सभी विशिष्ट अतिथियों को फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया गया.
दूसरी बार जमशेदपुर को मिली मेज़बानी
डूरंड कप की मेज़बानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है, जो पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले मैचों में जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल), और 1 लद्दाख FC जैसी टीमें भाग लेंगी. 7 और 8 जुलाई को जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर खेलप्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

