
उदित वाणी, जमशेदपुर : डुमरिया प्रखंड के बांकीशोल पंचायत अंतर्गत बाकुलचंदा गांव स्थित ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का निरीक्षण बुधवार को उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने किया. यह वृद्धाश्रम जिला प्रशासन की पहल पर हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आश्रम में रह रहे निराश्रित एवं असहाय बुजुर्गों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या, उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के क्रम में कुछ बुजुर्गों के पास पेंशन, आधार कार्ड या बैंक खाता नहीं होने की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने बीडीओ डुमरिया को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने आवासीय सुविधा, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा देखभाल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की.

उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने कहा कि “बुजुर्गों की सेवा मानवता का सर्वोच्च कार्य है” और हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है. उन्होंने ठंड के मौसम को देखते हुए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के बीच ऊनी वस्त्र, शॉल और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया.

उन्होंने प्रबंधन को निर्देश दिया कि वृद्धजनों के लिए पौष्टिक भोजन, दवाइयां, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन, योग एवं ध्यान जैसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएं. साथ ही, परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बुजुर्गों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण मिल सके.
निरीक्षण के दौरान बीडीओ डुमरिया श्री नीलेश मुर्मू, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित उपस्थित रहे.

