
उदित वाणी, रांची: इन दिनों लगता है पुलिस की ग्रहचाल ठीक नहीं चल रहा है. हाल के दिनों में लगातार पुलिसकर्मी दुर्घटना के शिकार होने लगे हैं. इसी क्रम में शनिवार को देर रात रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में अशोक नगर रोड नम्बर एक के पास घटित एक हादसे में डीएसपी नीरज कुमार बाल-बाल बचे.
हादसा शनिवार देर रात गश्त के दौरान उस समय हुआ जब उनकी सरकारी गाड़ी सेल्टोस जे एच 01 ईसी 4015 को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में डीएसपी नीरज व उनका चालक बुरी तरह जख्मी हो गए. यह तो डीएसपी की किस्मत अच्छी थी कि घटनास्थल के कुछ दूरी पर अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार भी रात्रि गश्त लगा रहे थे.
जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और घायल डीएसपी व उनके ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया. घटना के संबंध में बताया गया कि जिस कार से डीएसपी के वाहन में टक्कर मारी गई, उसमें सवार सभी एक पूर्व डीजीपी के रिश्तेदार हैं. जानकारी के मुताबिक पूर्व डीजीपी अशोक नगर में ही रहते है.
बताया गया कि कार चलाने वाला युवक पूर्व डीजीपी का भतीजा है. जबकि कार में नशे में धुत चार युवतियां व दो युवक बैठे थे. सभी ने पास के ही एक बड़े होटल में शराब पी थी और घर लौट रहे थे. इसी बीच डीएसपी अशोक नगर रोड नंबर एक के पास अपनी गाड़ी खड़ा करके कार में ही बैठ कर किसी से बात कर रहे थे. तभी उक्त लग्जरी कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि टक्कर मारने वाली कार के परखच्चे उड़ गये. वहीं युवक-युवतियों की भी किस्मत अच्छी थी कि उनकी कार के सेफ्टी फीचर एक्टिव हो गये और उनकी जान बच गई. लिहाजा पुलिस ने कार को जब्त करके घायल युवक-युवतियों को भी अस्पताल पहुंचाया.

