
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा संस के पूर्व डायरेक्टर डॉ. जमशेद जे इरानी का आज रात 9.59 बजे टीएमएच में निधन हो गया. वे 86 साल के थे. वे पिछले करीब एक माह से टीएमएच में भर्ती थे.उनका शव टीएमएच में रखा गया है.
कल सुबह 10.45 बजे उनके 7,बेल्डीह लेक स्थित निवास स्थान पर प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. वे अपने पीछे पत्नी डेजी इरानी, दो पुत्री तनाज और नीलोफर और पुत्र जुबिन इरानी को छोड़ गए हैं.
डॉ. जमशेद जे इरानी का जन्म 2 जून, 1936 को नागपुर (महाराष्ट्र) में हुआ था. उन्होंने 1968 में टाटा स्टील में आरएंडडी के डायरेक्टर इन्चार्ज के असिस्टेंट के तौर पर ज्वाइन किया था. 43 साल तक अपनी सेवाएं देने के बाद वे 2001 में टाटा स्टील के एमडी पद से रिटायर हुए जिसके बाद वे टाटा संस के डायरेक्टर के पद पर भी रहे.2011 तक उनका जुड़ाव टाटा ग्रुप से बना रहा.
वे आईआईएम, लखनऊ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन थे. केंद्र सरकार ने उन्हें एक्सपर्ट कमिटी फॉर फार्मेशन ऑफ न्यू कंपनीज एक्ट का चेयरमैन बनाया था. उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 2015 में पद्मभूषण अवार्ड प्रदान किया गया था.

