
उदित वाणी, जमशेदपुर : दोमुहानी घाट, सोनारी दोमुहानी संगम महोत्सव-2026 को लेकर सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में घोषणा की गई कि 13-14 जनवरी को यह महोत्सव भव्य रूप से आयोजित होगा. समिति सदस्य मनोज सिंह, शंभू नाथ सिंह, उपेंद्र सिंह मस्तान, मृत्युंजय सिंह, पप्पू सिंह, किन्नर समाज की महामंडलेश्वर अमरजीत गिल व हिंदू उत्सव समिति के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जानकारी दी.
मुख्य उद्देश्य नदी-पर्यावरण संरक्षण को आस्था से जोड़ना है, साथ ही स्थानीय परिवारों को काशी-हरिद्वार जैसा अनुभव प्रदान करना. एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
पहला दिन: नदी पूजन व सांस्कृतिक संध्या (13 जनवरी)
महोत्सव नदी पूजन व पर्यावरण गोष्ठी से शुरू होगा, जिसमें नदी स्वच्छता पर जागरूकता फैलाई जाएगी.
विद्यालय बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद लोक गायक सोनू सिंह दुलरुवा की सुमधुर प्रस्तुति होगी.
समाज-धर्म सेवा में योगदान देने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा.
दूसरा दिन: चित्रकला से भव्य गंगा आरती (14 जनवरी)
सुबह चित्रांकन व मेहंदी प्रतियोगिता के बाद संध्या में जम्मू वाले बाबा के सान्निध्य में नृत्य मंडली की प्रस्तुति होगी.
मुख्य आकर्षण मां स्वर्णरेखा की गंगा आरती होगी, जिसमें 5100 दीयों से नदी तट जगमगा उठेगा.
आयोजन समिति ने पारदर्शिता व सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है. यह महोत्सव स्थानीय संस्कृति व पर्यावरण जागरण को नई ऊंचाई देगा.

