
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कॉलोनी में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते जानलेवा हमले में तब्दील हो गया. इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज आइसीयू में चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीआरएफ कॉलोनी निवासी पिंटू शर्मा और उनकी पत्नी शोभा शर्मा (जो टीआरएफ की कर्मचारी हैं) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. शोर-शराबा सुनकर पास में ही रहने वाले टीआरएफ कर्मचारी प्रभात कुमार ने बीच-बचाव किया और शोभा शर्मा को उनके पति से छुड़ाया. उस वक्त मामला शांत हो गया.
लेकिन कुछ देर बाद पिंटू शर्मा ने गुस्से में आकर प्रभात कुमार की मां पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं. इस हमले से आक्रोशित होकर प्रभात कुमार ने पड़ोसी पिंटू शर्मा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया और वह आइसीयू में भर्ती है.
घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए टीआरएफ कंपनी परिसर में ड्यूटी के दौरान ही प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और तनाव का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले में कानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है.

