
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से मंगलवार को ‘नालसा स्कीम 2025’ के अंतर्गत ‘ड्रग फ्री इंडिया अभियान’ की शुरुआत की गई. इस दौरान डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने कहा कि नशा से दूरी बनाकर ही हम एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि 5 जनवरी से 12 जनवरी तक इस अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम के दौरान कुमार शौरव त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया. रैली में बड़ी संख्या में अधिकार मित्र (पीएलवी), विधिक सेवा से जुड़े कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद थे. प्रतिभागियों ने नशा उन्मूलन से संबंधित बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. लोगों के बीच प्रचार पंपलेट भी वितरित किए गए, जिन पर “नशा से नाता तोड़ो, दिल से नाता जोड़ो” जैसे प्रभावी संदेश लिखे थे.
रैली के समापन के बाद न्याय सदन में एक बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने की. बैठक में आगामी जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और दिशा-निर्देश दिए गए. इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने नशा त्याग करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया. कार्यक्रम में वरिष्ठ मध्यस्थ अधिवक्ता के. के. सिन्हा एवं तरित वरन कर भी मौजूद रहे.

