
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के लिए पोलिंग पार्टियों को विधिवत रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्री कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर मतदान सामग्री एवं मतपेटिकाओं के सुव्यवस्थित वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पोलिंग पार्टियों से संवाद स्थापित करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन कार्य संपन्न कराने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।
प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण बताते हुए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई है।


