
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित मोहन कॉम्प्लेक्स में बीते शुक्रवार देर शाम दुकान के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, विवाद दुकान के स्वामित्व को लेकर हुआ। आरोप है कि विवादित दुकान पर कब्जा करने की नीयत से एक पक्ष हथियारों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। मारपीट में तलवार, हॉकी स्टिक और बेसबॉल बैट जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। घटना के दौरान लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल पक्ष को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। वहीं, शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह सोनी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने राजा भाटिया, रोमी भाटिया, करण भाटिया, अर्जुन भाटिया, रीत्रि भाटिया और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दुकान कब्जे को लेकर पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
घटना के बाद मोहन कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

