
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। ताज़ा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्थित ए ब्लॉक का है, जहां सड़क किनारे घर के बाहर खड़ी एक बाइक को अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया। चोरी हुई बाइक जेएच05सीयू 9239 नंबर की है, जिसका उपयोग मोहम्मद मेहफूज आलम (33) कर रहे थे।
पीड़ित मेहफूज आलम ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके मित्र सऊदी अरब यात्रा पर गए हैं और उन्होंने अपनी स्प्लेंडर बाइक उन्हें उपयोग के लिए दी थी। मेहफूज ने बताया कि वे बाइक को नियमित रूप से चला रहे थे। 30 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने बाइक को घर के नीचे सड़क किनारे पार्क किया और भीतर चले गए।

अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वे नमाज के लिए मस्जिद जाने निकले, तो बाइक गायब मिली। आसपास खोजबीन करने पर भी बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने मोहल्ले के स्थानीय सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें रात 11:41 बजे एक अज्ञात चोर बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फुटेज में चोर की गतिविधि और बाइक को ले जाने का पूरा दृश्य रिकॉर्ड हुआ है।
घटना के बाद मेहफूज आलम ने थाना प्रभारी से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी हुई बाइक बरामद करने और चोर की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

