
उदित वाणी, जमशेदपुर : दलभुमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान जगन्नाथपुर निवासी सोना सोरेन के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना सोरेन अपने एक दोस्त के साथ बाइक से बाजार से खरीदारी कर वापस अपने घर जगन्नाथपुर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दलभुमगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के दौरान सोना सोरेन की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान सोना सोरेन ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में दलभुमगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

