
उदित वाणी, जमशेदपुर : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (कोल्हान) विजय आनंद मूनका ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र के माध्यम से ध्यानाकृष्ट कराते हुए कहा है कि धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट का निर्माण शीघ्र हो. उन्होंने इसका नामकरण दिशोम गुरू शिबू सोरेन के नाम पर दिशोम गुरू शिबू सोरेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट करने की मांग की है. यह झारखंड और कोल्हान वासियों की तरफ से दिशोम गुरू को यह सच्ची और सही मायने में श्रद्धांजलि होगी. उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि जमशेदपुर शहर को स्थापित हुए 100 वर्ष से अधिक हो चुके हैं. देश के प्रतिष्ठित शहर स्टील सिटी के नाम से भी जाना जाता है और झारखंड राज्य की आर्थिक राजधानी के साथ औद्योगिक नगरी भी कहलाती है, लेकिन फिर भी इसका समग्र विकास नहीं हो पाया है. इसके लिए जरूरी है जमशेदपुर में एयरपोर्ट की स्थापना.
हजारों लघु और मध्यम इकाईयां
यहां हजारों की संख्या बड़े, मध्यम एवं लघु उद्योग स्थापित है, लेकिन अब तक हवाई अड्डे का निर्माण नहीं हो पाया है, जिसके कारण यहां आने जाने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई के लिए, मरीजों को इलाज हेतु एवं आम जनता को हवाई यात्रा करने के लिए दूसरे शहर रांची या कोलकाता जाकर हवाई जहाज जाना पड़ता है.एयरपोर्ट की अनुपलब्धता के कारण जमशेदपुर एवं इसके आसपास के क्षेत्रों का विकास लगभग ठहर-सा गया है. यहां एयरपोर्ट स्थापित होगा तो निवेश के नये रास्ते खुलेंगे.
2018 में शिलान्यास हुआ था
धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट का शिलान्यास 2018-19 में हुआ था, लेकिन अभी तक इस पर आगे और कुछ कार्रवाई नहीं हो पाई है. आप जैसे उर्जावान एवं राज्य के विकास के प्रति सोच रखने वाले मुख्यमंत्री द्वारा जमशेदपुर या इसके आसपास एयरपोर्ट निर्माण के मुद्दे पर आगे आकर कार्य करने से इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा और यह राज्य की आर्थिक राजधानी के लिए एक वरदान साबित होगा, जो विकसित झारखंड राज्य के लिए भी नई दशा और दिशा भी तय करेगा.

