
26 को सीएम कर सकते निरीक्षण
उदित वाणी, जमशेदपुर: एक बार फिर से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट बनने की आस जगी है. पिछले दिनों सांसद विद्युत वरण महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी. इसके बाद मुख्य सचिव से भी धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए पहल करने की अपील की थी. इस पर मुख्य सचिव ने स्वयं संसद को आश्वस्त किया था कि मुख्यमंत्री खुद धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निरीक्षण करने का कार्यक्रम बना रहे हैं.
संभवत 26 जून को मुख्यमंत्री का धालभूमगढ़ निरीक्षण का कार्यक्रम होगा. 26 जून को ही घाटशिला में माझी परगना महाल का महासम्मेलन है. इसमें उन्हें आमंत्रित किया गया है. मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के पश्चात धालभूमगढ़ स्थित प्रस्तावित एयरपोर्ट का निरीक्षण भी कर सकते हैं.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने भी दिया था भरोसा
सांसद विद्युत वरण महतो ने हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर धालभूमगढ़ हवाई अड्डे का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए एक पत्र सौंपा था. इस संबंध में उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीधे मुख्यमंत्री से बात करने की बात कही थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही हवाईअड्डे की समस्या का सकारात्मक समाधान निकलेगा.
