
उदित वाणी, जमशेदपुर : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में जिले के सभी प्रखंडों की शैक्षणिक प्रगति, योजनाओं के कार्यान्वयन और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों की आधारभूत कार्यप्रणाली, शिक्षक-छात्रों की उपस्थिति, योजनाओं का प्रभावी संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हैं.
18 हजार बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खुले, उपायुक्त ने जताई अप्रसन्नता
बैठक के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जिले में लगभग 18 हजार बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खोले जा सके हैं. इस पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने सभी बीईईओ और एलडीएम को आपसी समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर बैंक खाते शीघ्र खोलने के निर्देश दिए. साथ ही लंबित आवेदनों की बैंकवार जांच करने को कहा.
शिक्षक व छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति पर सख्ती
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र की उपस्थिति प्रतिदिन ‘ई-विद्या वाहिनी’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
किताब और नोटबुक वितरण में धीमी गति पर नाराजगी
किताब और नोटबुक के वितरण कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने सभी बीईईओ को समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैग वितरण कार्य लगभग पूर्ण बताया गया, परंतु यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसी छात्र को बैग न मिलने की शिकायत मिली तो संबंधित पदाधिकारी उत्तरदायी होंगे.
‘गुरुजी’ मोबाइल एप पर विभाजित पाठ्यक्रम अपलोड करने का निर्देश
छात्रों की पढ़ाई को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी विद्यालयों को ‘गुरुजी’ मोबाइल एप पर विषयवार विभाजित पाठ्यक्रम (Split Syllabus) अपलोड करने का निर्देश दिया. इससे छात्रों को योजनाबद्ध अध्ययन में सुविधा होगी.
‘रेल परियोजना’ और ‘ई-विद्या वाहिनी’ पर डाटा अपडेट अनिवार्य
रेल परियोजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और उनके परिणामों से संबंधित समस्त डाटा को ‘ई-विद्या वाहिनी’ पोर्टल पर समय से अपडेट करने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कार्य राज्य स्तर पर मॉनिटर किया जा रहा है, अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
छात्रों को नियमित IFA टैबलेट सुनिश्चित कराने का निर्देश
बैठक में छात्रों को आयरन फोलिक एसिड (IFA) टैबलेट दिए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि योग्य छात्र-छात्राओं को निर्धारित मात्रा में IFA टैबलेट नियमित रूप से दी जाए.
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
मिड-डे मील योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भोजन विभाग द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही तैयार हो, वह पोषणयुक्त और स्वच्छ वातावरण में परोसा जाए. किसी भी विद्यालय में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी.
विद्यालयों में लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
विद्यालयों की आधारभूत संरचना से संबंधित लंबित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बैलेंस वर्क के लिए शीघ्र एस्टिमेट तैयार कर प्रस्ताव भेजा जाए ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके.

ड्रॉपआउट दर, ट्रांजिशन रेट और लर्निंग आउटकम्स पर भी चर्चा
बैठक में कक्षा 1 से 10 तक के ट्रांजिशन रेट, ड्रॉपआउट दर, लर्निंग आउटकम्स, टीचिंग-लर्निंग सामग्री की उपलब्धता और स्कूल मैनेजमेंट कमिटी (SMC) की सक्रियता जैसे बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आशीष पांडेय, एलडीएम श्री संजीव चौधरी सहित सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

