
उदित वाणी, आदित्यपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में पूर्ववर्ती आयडा द्वारा अधिग्रहित भूमि के रैयतों के परिवार के लोगों को स्थायी नौकरी तथा सरकारी सुविधा और लाभ उपलब्ध कराने की माँग की है. क्योंकि आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र के अनेक गाँवों में रैयती भूमि का अधिग्रहण करने के बावजूद रैयत के परिवार को अब-तक नौैकरी एवं सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है. और कुछ रैयत के परिवार को अब-तक अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भी नहीं मिला है. इस संबंध में अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में झामुमो के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेमरंजन से जियाडा भवन, आदित्यपुर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की तथा उन्हें 7 सूत्री ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में वैसी अधिग्रहित भूमि को अधिग्रहण मुक्त कर रैयतों को वापस लौटाने की माँग भी की गई है, जहाँ अब-तक कारखानों की स्थापना नहीं हुई है. ज्ञापन में वैसे रैयत परिवारों को वर्तमान दर पर मुआवजा राशि देने की माँग भी की गई है, जिन्हें अब-तक अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हुई है. मौके पर नगर उपाध्यक्ष लालबाबू सरदार और राजेश लाहा भी उपस्थित थे.

