
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर नगर निगम द्वारा वॉर्ड संख्या-20 के गुमटी बस्ती में निर्मित डीप बोरिंग को रेलवे द्वारा ध्वस्त किए जाने की खबर सामने आई है। जिससे स्थानीय लोग नाराज हैं. आरोप है कि रेलवे की टीम ने स्थानीय लोगों को डीप बोरिंग के मोटर पंप निकालने का मौका भी नहीं दिया.
डीप बोरिंग ध्वस्त करने की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोग अपने पानी की आपूर्ति को लेकर चिंतित हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बोरिंग उनके लिए पानी का एकमात्र जरिया था, और अब इसके ध्वस्त होने से उनकी पानी की समस्या और बढ़ जाएगी.
स्थानीय लोग आदित्यपुर नगर निगम की लापरवाही को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. भाजपा नेता विशू महतो ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने रेलवे के एनओसी के बिना ही इस स्थान पर डीप बोरिंग करवा दी थी. उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा कई बार नगर निगम को नोटिस भेजे गए थे, लेकिन नगर निगम ने उनकी अनदेखी की.
विशू महतो ने सवाल उठाया कि अगर डीप बोरिंग को तोड़ा ही जाना था, तो नगर निगम ने सरकारी राशि को बर्बाद क्यों किया? उन्होंने स्थानीय लोगों की पानी की समस्या के समाधान के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है.
यह घटना स्थानीय समुदाय के बीच असंतोष और नाराजगी का कारण बन गई है, और अब तक नगर निगम द्वारा इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

