
उदित वाणी, धालभूमगढ़ : लगातार सरकारी योजनाओं की जमीनी समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने धालभूमगढ़ प्रखंड के रावताड़ा पंचायत अंतर्गत बाबईदा गांव का दौरा किया. यह क्षेत्र खड़िया जनजाति बहुल है, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा.
विद्यालय निरीक्षण: पढ़ाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय बाबईदा का निरीक्षण कर कक्षा संचालन, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, नामांकन, मध्याह्न भोजन और शिक्षण सामग्री की स्थिति की जानकारी ली. बच्चों से संवाद के दौरान उन्होंने पढ़ाई के स्तर को लेकर सवाल पूछे. नवनिर्मित भवन में बिजली कनेक्शन लंबित होने पर उन्होंने दो दिन के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. प्रधानाध्यापक को साफ-सफाई और शौचालय की नियमित उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने को कहा.
आंगनबाड़ी केंद्र: अस्थायी संचालन पर चिंता
बाबईदा का आंगनबाड़ी केंद्र फिलहाल अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है. निरीक्षण के दौरान बच्चों को दिए जाने वाले पोषणयुक्त आहार, टीकाकरण स्थिति और पूर्व-शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सीओ धालभूमगढ़ को निर्देश दिया कि स्थायी भवन निर्माण हेतु शीघ्र भूमि की पहचान कर रिपोर्ट दें. सहायिका व सेविका की कार्यप्रणाली और बच्चों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई.
आयुष्मान आरोग्य मंदिर: स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल
उपायुक्त ने गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया. दवा की उपलब्धता, चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति, लाभुकों की संख्या, रजिस्टर संधारण और स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था की जांच की. उन्होंने आवश्यक दवाओं की नियमित आपूर्ति और सेवाओं में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए.
योजनाओं की समीक्षा: अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का निर्देश
ग्रामीणों से संवाद के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा, पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना, पेंशन, पेयजल, सड़क, पशुपालन, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली. ग्रामीणों द्वारा उठाई गई व्यक्तिगत व सामुदायिक समस्याओं पर उन्होंने तुरंत अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
पदाधिकारियों को सख्त संदेश
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए. इसके लिए क्षेत्रीय पदाधिकारी सतत निगरानी करें और समस्याओं का समाधान तत्परता से करें.
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्र, बीडीओ श्रीमती बबली कुमारी, सीओ श्री समीर कच्छप, एमओआईसी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.

