
उदित वाणी, जमशेदपुर : डीबीएमएस कॉलेज के स्पोर्ट्स सेल की ओर से आज महिलाओं के लिए अनोखे “साड़ी वॉकथॉन” का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी पहनकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देना था. कॉलेज द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बीएड पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ पर्वतारोही अस्मिता दोरजी ने झंडा दिखाकर किया. यह वॉकथॉन कदमा पोस्ट ऑफिस से प्रारंभ होकर लिंक रोड होते हुए पुनः पोस्ट ऑफिस पर ही संपन्न हुआ. आयोजन का उद्देश्य महिला सुरक्षा, गरिमा और समानता के संदेश को समाज तक पहुंचाना था. बताया जाता है कि इस तरह का साड़ी वॉकथॉन संभवत: जमशेदपुर में पहली बार आयोजित किया गया.

इस कार्यक्रम में डीबीएमएस समाज एवं डीबीएमएस की विभिन्न इकाइयों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की. महिला वर्ग में शांति राजू प्रथम, ममता द्वितीय और पंसुरी हांसदा तृतीय स्थान पर रहीं. छात्रों की श्रेणी में आयुष पराशर ने प्रथम, राजा डोंगरे ने द्वितीय और परिमल पॉल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं छात्राओं में प्रमिला कुमारी प्रथम, श्रद्धा टोपनो द्वितीय तथा रूपा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. वॉकथॉन में कुल 101 महिलाओं और 121 छात्रों ने हिस्सा लिया. प्रतिभागियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था एन. दिलीप कुमार द्वारा प्रायोजित की गई.

डॉ. मीनाक्षी चौधरी (मॉडरेटर, स्पोर्ट्स सेल) एवं अंजलि गणेशन की देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ नागरिकों के साथ डीबीएमएस ट्रस्ट की संरक्षिका श्रीमती भानुमति नीलकंठन की गरिमामयी उपस्थिति रही. अध्यक्ष श्री बी. चंद्रशेखर एवं श्रीमती ललिता चंद्रशेखर ने अपनी उर्जावान उपस्थिति से महिलाओं को प्रोत्साहित किया तथा छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया.
कार्यक्रम में कॉलेज की सचिव श्रीमती श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव श्रीमती सुधा दिलीप, कोषाध्यक्ष श्री एस. धर्मराजन, प्रशासनिक सचिव श्री सतीश सिंह, प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता, उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल सहित कॉलेज की सभी शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और अपनी सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

