
उदित वाणी, जमशेदपुर : डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर एनएसएस यूनिट-1 के तत्वावधान में बीएड प्रशिक्षुओं द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्रों में जाकर घर-घर सर्वेक्षण किया और लोगों को साक्षरता के महत्व से अवगत कराया.

साक्षरता से समाज में जागरूकता
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को यह संदेश देना था कि साक्षरता केवल ज्ञान की कुंजी नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, समानता और सामाजिक विकास का प्रथम कदम भी है. प्रशिक्षुओं ने विभिन्न परिवारों से संवाद किया और उनकी शैक्षिक स्थिति, बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति तथा वयस्क साक्षरता आवश्यकताओं से जुड़े सवाल पूछे. साथ ही शिक्षा के महत्व पर जानकारी दी.

कॉलेज प्रबंधन ने की सराहना
इस कार्यक्रम में कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव संध्या फिलिप, प्राचार्या डॉ. जूही संपतियता, उप प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, शिक्षकगण और सहायक कर्मचारी उपस्थित थे. सभी ने छात्रों के इस उत्साह और सामाजिक जागरूकता की सराहना की.
प्राचार्या डॉ. जूही संपतियता ने कहा कि “इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरक कदम है.”

