
उदित वाणी, जमशेदपुर: केंद्रीय व अन्य विश्वविद्यालयों में पीजी कोर्सेस में इस दाखिले के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. देश भर के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के साथ-साथ सीयूईटी में भाग ले रहे विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों और निजी विश्वविद्यालयों में संचालित होने वाले विभिन्न स्नातकोत्तर (पोस्ट-ग्रेजुएट) कोर्सेस में वर्ष 2023-24 के दौरान दाखिले के लिए योग्य उम्मीदवारों को चयन हेतु आयोजित की जाने वाली संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) पीजी 2023 के लिए आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है.
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के द्वारा 20 मार्च 2023 को साझा की गई जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जाने वाली सीयूईटी पीजी 2023 प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन अभी से लेकर 19 अप्रैल 2023 तक किए जा सकते हैं.
यूजीसी अध्यक्ष द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक एनटीए द्वारा सीयूईटी पीजी 2023 में सम्मिलित होने के लिए आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट पर संचालित की जाएगी. इस वेबसाइट पर उम्मीदवार एनटीए द्वारा निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान करते हुए आखिरी तारीख तक अपना अप्लीकेशन सबमिट कर सकेंगे.
इसके बाद, आवेदन किए उम्मीदवारों को सबमिट किए गए आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार या आवश्यक संशोधन का मौका दिया जाएगा. इसके लिए एजेंसी 20 से 23 अप्रैल तक अप्लीकेशन करेक्शन विंडो ओपेन करेगी.
हालांकि, एनटीए द्वारा सीयूईटी पीजी की प्रवेश परीक्षा-2023 की तारीख का निर्धारण अभी नहीं किया गया है. आधिकारिक सूचना के मुताबिक एनटीए पीजी प्रवेश परीक्षा की तारीख और इसमें सम्मिलित होने के लिए आवेदन किए उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र जारी किए जाने की तिथि की घोषणा बाद में करेगा.
इग्नू में जनवरी सेशन में दाखिले को आवेदन का कल आखिरी दिन
इग्नू जनवरी सेशन के लिए अभी तक आवेदन नहीं कर पाने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी अपडेट है. इस सत्र के लिए अबतक आवेदन न कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने फ्रेश रजिस्ट्रेशन और री-रजिस्ट्रेशन के लिए आखिरी तारीखों को आगे बढ़ा दिया है.
अब उम्मीदवार इस सत्र के लिए 27 मार्च, 2023 तक अप्लाई कर सकते हैं. अप्लाई करने के लिए उम्मीदवारों को इग्नू की आधिकारिक साइट पर जाकर आवेदन करना होगा.
आधिकारिक सूचना के अनुसार, जनवरी 2023 सत्र के लिए पुन: पंजीकरण और फ्रेश एडमिशन के लिए आवेदन (सार्टिफिकेट और सेमेस्टर बेस्ड प्रोगाम को छोड़कर) की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क के 27 मार्च 2023 तक बढ़ा दी गई है. उम्मीदवार अब इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं.

