
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हन विश्वविद्यालय और जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के लिए सीयूईटी प्रवेश परीक्षा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है.
यही कारण है कि अबतक पूरे कोल्हान प्रमंडल से महज 30 प्रतिशत विद्यार्थी ही सीयूईटी के लिए आवेदन कर सके हैं. दोनों विश्वविद्यालयों ने इस बार आनन-फानन में अधिसूचना जारी कर यह ऐलान तो कर दिया गया कि स्नातक में इस बार का दाखिला सीयूईटी के माध्यम से किया जाएगा, लेकिन इसके लिए न कोई हेल्प सेंटर खोला और न ही विद्यार्थियों को इस बात की पुख्ता जानकारी दी गई कि उन्हें आवेदन कैसे करना है. विद्यार्थियों के लिए सीयूईटी बिल्कुल नया है, ऐसे में उन्हें समस्याएं पेश आ रही हैं.
गौरतलब हो कि एनटीए की ओर से इस परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है. विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म जमा करने में मदद करने के लिए एनटीए की ओर से कुल 34 हेल्प सेंटर अलग-अलग शहरों में खोले गए हैं, लेकिन कोल्हान प्रमंडल में विद्यार्थियों को इस हेल्प सेंटर की सुविधा नहीं दी गई है. इससे विद्यार्थियों को समस्या हो रही है.
सीयूईटी की वेबसाइट पर लॉगिन कर आवेदन फार्म जमा करने की प्रक्रिया जटिल है, इसलिए विद्यार्थी परेशान हैं. वेबसाइट पर सबसे पहले विद्यार्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन कराना पड़ रहा है.
अब तक आवेदनों की संख्या बेहद कम है. छात्र नेता राजेश बोइपाई ने बताया कि उनसे विद्यार्थियों ने शिकायत की है कि वह इंटरनेट फ्रेंडली होने के बाद भी आवेदन फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं. किसी कॉलेज में हेल्प सेंटर भी नहीं है.
कॉलेजों ने विद्यार्थियों की मदद को बढ़ाए हाथ
शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय ने अधिसूचना जारी कर अंगीभूत कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने कॉलेज में 12वीं की परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म भरने में मदद करें। इस बीच कई कॉलेजों ने विद्यार्थियों की मदद को हाथ बढ़ा दिया है। इनमें घाटशिला कॉलेज घाटशिला प्रथम है तो एलबीएसएम मे भी मदद दी जा रही है। गौरतलब हो कि एनटीए की ओर से जिन 34 शहरों में हेल्प सेंटर स्थापित किए गए हैं, उनमें एक ऑपरेटर भी उपलब्ध कराया गया है।
कोल्हान में भी हेल्प सेंटर खोलने की मांग
कोल्हान प्रमंडल में भी फॉर्म भरने के लिए कम से कम एक कॉलेज में हेल्प सेंटर खोलने की मांग उठ रही है. एलबीएसएम कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अशोक कुमार झा कहते हैं कि वे यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म भरने में समस्या न हो.
गौरतलब हो कि विद्यार्थी 30 मार्च तक सीयूईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. कोल्हान विवि के प्रवक्ता डॉ. पीके पाणी कहते हैं कि जिन कॉलेजों में इंटर की कक्षाएं चलती हैं, उन कॉलेजों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यार्थियों को सीयूईटी आवेदन भरने में मदद करें.
एबीवीपी खोलेगा सीयूईटी के लिए हेल्प सेंटर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) जमशेदपुर महानगर कॉमन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) 2023 के लिए विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करेगा.
जानकारी सोमवार को एबीवीपी की ओर से बापन घोष ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष चांसलर पोर्टल के माध्यम से नामांकन नहीं होंगे, बल्कि कॉमन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से नामांकन होगा.
सभी विद्यार्थी को क्यूट परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है. नगर मंत्री गौरव साहू ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा सभी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क लगाया जाएगा. एक अप्रैल से सीयूईटी की परीक्षा तिथि तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को परीक्षार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी.

