
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के गालुडीह थाना क्षेत्र में सीएससी संचालक तारापदो महतो की हत्या के मामले में परिजनों का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर उतर आया. गुस्सैल परिजनों ने शव के साथ एनएच-33 को जाम कर दिया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
परिजनों का आरोप है कि तारापदो महतो ने अवैध जमीन कब्जे के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके चलते विवाद हुआ और उनकी हत्या कर दी गई. मृतक के बड़े भाई षष्टी चरण महतो ने कहा, “यदि प्रशासन ने समय रहते विवाद को गंभीरता से लिया होता तो यह घटना नहीं होती.”
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, लेकिन परिजन बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं. इसी मांग को लेकर उन्होंने सड़क जाम की. सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस परिजनों को समझा रही है और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है.

