
उदित वाणी, जमशेदपुर: लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को मानगो क्षेत्र का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने स्वर्णरेखा नदी के किनारे बसे इलाकों, जलजमाव से प्रभावित मोहल्लों और अन्य संवेदनशील स्थलों का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के समय उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे. उपायुक्त ने जल निकासी की वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा की और तुरंत सुधार की आवश्यकता वाले स्थानों पर संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति में राहत कार्यों को त्वरित रूप से शुरू करने के लिए पंप सेट, ट्रैक्टर और सफाईकर्मियों की टीम को हर समय अलर्ट मोड पर रखा जाए.
नालों की सफाई और सतर्कता पर विशेष जोर
उपायुक्त ने नगर निकाय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो. जलभराव की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए. तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सतर्क किया जाए. आपदा प्रबंधन के मद्देनज़र मानगो नगर निगम क्षेत्र में 24×7 कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है. यहां पालीवार कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके.
आपात स्थिति में करें इन नंबरों पर संपर्क
सुबह 6 से अपराह्न 2 बजे तक: 7004549847
अपराह्न 2 से रात्रि 10 बजे तक: 9031542938
रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक: 7488676759
जिलावासियों से अपील: सतर्क रहें, अफवाहों से बचें
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिलावासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. नदी किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें. जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपदा से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है. किसी भी आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0657-2444233 पर तुरंत संपर्क करें.

