
उदित वाणी, रांची: प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कई विक्षुब्ध पदाधिकारियों व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
मोराहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में नवनियुक्त प्रदेश महासचिव आलोक दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस बचाओ नामक मोर्चा बनाकर उसके बैनर तले बैठक किया. बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया तथा केंद्रीय अध्यक्ष से उन्हें अध्यक्ष पद से अविलंब हटाने की मांग की.
इसके अलावा बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ता जनवरी के पहले सप्ताह दिल्ली जाकर इस मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात करके वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे.
इसके साथ ही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात करके प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग करेंगे. इसके अलावा 24 दिसम्बर से प्रदेश कांग्रेस के विक्षुब्ध पदाधिकारी जिलों का दौरा करेंगे. अध्यक्ष को हटाने की मुहिम की शुरुआत बोकारो से की जायेगी.
हमेशा खबरों से अपडेट रहने के लिए फॉलो करे….

