
उदित वाणी, जमशेदपुर : कांग्रेस संगठन में नए जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर जिले में विवाद गहराता जा रहा है. हाल ही में आयोजित पदभार ग्रहण के कार्यक्रम के साथ ही गांधी घाट पर जिला उपाध्यक्ष बबलू झा, जिला महासचिव अमित दुबे और जिला सचिव अजितेश उज्जैन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह कर नियुक्ति प्रक्रिया में केंद्रीय पर्यवेक्षक की अंतिम सूची की अवहेलना का आरोप लगाया.
जिला उपाध्यक्ष बबलू झा ने सूची सार्वजनिक नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी. इसी बीच, कांग्रेस की असंतुष्ट खेमें के प्रतिनिधिच दल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बुलावे पर प्रदेश प्रभारी श्री के राजू से मुलाकात की. झारखंड दौरे पर आए प्रदेश प्रभारी लगातार जिलाध्यक्ष नियुक्ति से असंतुष्ट लोगों से संवाद कर रहे हैं. बबलू झा ने मीडिया से बातचीत में मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए आश्वासन दिया है.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतें पार्टी आलाकमान तक पहुंचाई जाएंगी और जल्द ही विवाद का समाधान निकालने की कोशिश होगी. जिला उपाध्यक्ष बबलू झा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन हित में एकजुट रहने की अपील की है.

