
उदित वाणी, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नियोजन नीति पर सदन में सरकार का पक्ष रखने के लिए राजी हुए. सोरेन चालू बजट सत्र के दौरान ही अपनी सुविधा के अनुसार किसी दिन नियोजन नीति व नई नियुक्ति नियमावली पर बात रखेंगे.
इसके साथ इन मुद्यों को लेकर पिछले चार दिनों से सदन में चल आ रही गतिरोध को समाप्त करने की घोषणा की गई और फैसला लिया गया कि शुक्रवार से विपक्षी भाजपा विधायक 60/40 नाय चलतो, 1932 खतियान का क्या हुआ स्लोगन लिखा गेरूवा टी शर्ट पहनकर सदन नहीं आयेंगे.
गौरतलब है कि भाजपा विधायकों द्वारा पिछले चार दिनों से स्लोगन लिखा गेरूवा टी शर्ट पहनकर नियोजन नीति व नई नियुक्ति नियमावली पर स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए विधानसभा में प्रश्नकाल बाधित कर रहे थे.
वहीं स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने बुधवार को ही भाजपा सदस्यों को स्लोगन लिखा टी शर्ट उतारने का नियमन दिया था. लेकिन भाजपा सदस्यों ने स्पीकर के नियमन की अवहेलना करते हुए गुरूवार को भी स्लोगन लिखा गुरूवा टी शर्ट पहुंचकर सदन पहुंचे. जिससे नाराज स्पीकर गुरूवार को भाजपा सदस्यों की ओर ध्यान नहीं दे रहे थे.
जिसपर भाजपा सदस्यों ने स्पीकर का ध्यान उनकी ओर नहीं होने की बात कही गई. तब स्पीकर ने कहा कि आपलोग नियमन नहीं मानकर आसन की अवहेलना कर रहे हैं.
इसके बाद सत्तापक्ष द्वारा स्पीकर से नियमन की अवहेलना करनेवाले सदस्यों पर कार्रवाई करने की मांग की गई. झामुमो के विधायक सरफराज अहमद ने स्पीकर से कहा कि आप सदन के कस्टोडियन हैं. विधानसभा कार्य संचालन नियमावली का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें.
इसपर स्पीकर ने कहा कि संयम रखें, उचित समय पर आसन की ओर से कार्रवाई की जायेगी और गुरूवार को स्पीकर ने पहली पाली में लगभग 20 मिनट पहले सदन की कार्यवाही स्थगित करते हुए कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आहूत की.
बैठक में सत्ता व विपक्ष के कार्यमंत्रणा समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया. बैठक में तय किया गया कि नियोजन नीति व नई नियुक्ति नियमावली पर मुख्यमंत्री चालू सत्र में ही अपनी बात रखेंगे. इसके बाद विपक्षी भाजपा विधायकों ने भी निर्णय लिया कि शुक्रवार से वे सदन के अंदर 60/40 नाय चलतो और 1932 खतियान का क्या हुआ स्लोगन लिखा टीशर्ट पहन कर नहीं आयेंगे.
नई नियुक्ति नियमावली के तहत जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
इधर विधायक लंबोदर महतो ने सदन में ध्यानाकर्षण सूचना के जरिये सरकार से जानकारी मांगी कि 1932 खतियान आधारित स्थानीय व नियोजन नीति कब बनेगी और इसके आधार पर कब नियुक्ति की जायेगी.
इसका जबाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि 1932 आधारित स्थानीय नीति संबंधी विधेयक को राज्यपाल के माध्यम से भारत सरकार को भेजा जाना था. लेकिन राज्यपाल द्वारा विधेयक को लौटा दिया गया.
इसलिए सरकार द्वारा जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए कैबिनेट से नई नियुक्ति नियमावली की मंजूरी दी गई है तथा अतिशीघ्र विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए अलग-अलग नियमावली भी बना ली गयी है. विभागों से रिक्तियां भी मांगी जा रही है. जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी.

