
उदित वाणी, जमशेदपुर: सीटू का दो दिवसीय झारखंड राज्य सम्मेलन आगामी 12 और 13 नवंबर को टिनप्लेट स्थित जेके सेवा कल्याण मंडप (कॉ नरेंद्र मिश्रा नगर, कॉ टीएन सिंह मंच) में आयोजित होगा.
सम्मेलन की तैयारी के लिए शहर के विभिन्न उद्योगों जैसे रेलवे, बैंक इंश्योरेंस, बीएसएनएल, पोस्टल, राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के फेडरेशनों, किसानों, महिलाओं और लेखकों के जन संगठनों तथा शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को लेकर एक व्यापक आधार वाली स्वागत समिति का गठन किया गया है. इस समिति का चेयरमैन एक्सएलआरआई के प्रोफेसर शांतनु सरकार को बनाया गया है.
सम्मेलन में प्रख्यात श्रमिक नेता व सीटू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद तपन सेन, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष ज्ञान शंकर मजुमदार, कोल वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डीडी रामानंदन, सीटू झारखंड के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, राज्य महासचिव प्रकाश विप्लव, कोल्हान इलाके में सीटू के संस्थापक नेता केके त्रिपाठी के अलावा विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे.
इस सम्मेलन में कोयला, स्टील, बॉक्साइट, पत्थर, खनन, बीड़ी, बिजली, निर्माण, ट्रांसपोर्ट, तांबा, एल्यूमीनियम और भारी उद्योग समेत विभिन्न परियोजनाओं के स्कीम वर्कर, सेल्स प्रमोशन इम्पलाइज, असंगठित क्षेत्र के कामगारों समेत ठेका और आउटसोर्सिंग मजदूरों, गिग वर्कर्स आदि के बीच काम कर रहे सीटू से संबद्ध 54 यूनियनों के 378 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे.
ये प्रतिनिधि सम्मेलन के सांगठनिक सत्र में महासचिव के प्रतिवेदन पर चर्चा कर इसे समृद्ध करते हुए आगामी तीन वर्षों के लिए नए नेतृत्व का चुनाव भी करेंगे. राज्य सम्मेलन के अवसर पर पहले खुला सत्र होगा और इसके बाद प्रतिनिधि सत्र शुरू किया जाएगा, जिसका समापन 13 नवंबर को होगा.

