
उदितवाणी, जमशेदपुर: संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के समर्थन में 26 नवंबर को सीटू का एकजुटता कार्यक्रम होगा. उल्लेखनीय है कि दो साल पहले 2020 में संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में ऐतिहासिक अनिश्चितकालीन धरना का कार्यक्रम शुरू किया था.
इस आंदोलन के कारण केंद्र सरकार को आखिरकार 19 नवंबर 2021 को “तीन कृषि कानून” वापस लेने के लिए मजबूर होने पड़ा था. लेकिन आज भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएस पी) का वैधानिक प्रावधान, ऋण माफी, बिजली संशोधन अधिनियम, चार श्रम संहिता, वन (संरक्षण) अधिनियम में जनविरोधी संशोधन को रद्द करने जैसे लंबित मांगों को पूरा करने में केंद्र सरकार का उदासीन रवैया रहा हैं.
इसके विरोध में “संयुक्त किसान मोर्चा” के आह्वान पर देशव्यापी कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर 2022 को अपने 19 सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा रांची स्थित राजभवन के सामने प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है.
26 नवंबर को “संयुक्त किसान मोर्चा” के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के समर्थन में सीटू का अखिल भारतीय एकजुटता कार्यक्रम के तहत कोल्हान स्थित सीटू से संबद्ध यूनियनों द्वारा कार्यस्थल स्तर पर एकजुटता प्रदर्शन कार्यक्रमों के अलावा, केंद्रीय कार्यक्रम 26 नवंबर को शाम 5 बजे बिरसा चौक साकची में नुक्कड़ सभा के माध्यम एकजुटता प्रदर्शन किया जाएगा.

