
उदित वाणी, जमशेदपुर: टेल्को स्थित लोयोला स्कूल में आज से CISCE ज़ोनल शतरंज चैम्पियनशिप 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 18 और 19 जून को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 24 विद्यालयों के 305 छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता को बालक एवं बालिका वर्ग में विभाजित किया गया है। पहले दिन बालकों की टीमों ने अपना दमखम दिखाया, वहीं दूसरे दिन बालिकाएँ बुद्धि का संग्राम लड़ेंगी।
स्वागत, प्रार्थना और दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत, प्रार्थना सभा और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मंच पर फादर के.एम. जोसेफ (रेक्टर), फादर माइकल थानराज (वाइस सुपीरियर), प्राचार्या चरनजीत ओहसन, और स्कूल प्रशासक फादर जेरी डिसूज़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
निर्णायकों की सूझबूझ से मिल रहा छात्रों को मार्गदर्शन
प्रतियोगिता का संचालन मुख्य निर्णायक जयंथ कुमार तथा सहायक निर्णायक चंदन की निगरानी में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में रणनीतिक सोच, एकाग्रता एवं खेल भावना को विकसित करना है।
लोयोला स्कूल ने जताया आभार
लोयोला स्कूल, टेल्को की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यालयों, निर्णायकों और उपस्थित दर्शकों का आभार प्रकट किया गया। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों की बौद्धिक प्रतिभा का उत्सव करार दिया और आशा जताई कि यह आयोजन छात्रों को सोचने, समझने और निर्णय लेने की क्षमता में निखार देगा।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।