
उदित वाणी, जमशेदपुर : विश्व एमएसएमई दिवस 2025 के अवसर पर सीआईआई झारखंड की ओर से शुक्रवार को होटल रमाडा में एक सत्र आयोजित किया, जिसका उद्देश्य एमएसएमई को आवश्यक उपकरण, अंतर्दृष्टि और रणनीतियों के साथ सशक्त बनाना था ताकि विकास को गति दी जा सके और गतिशील कारोबारी माहौल में उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाया जा सके. मुख्य वक्ता सीआईआई झारखंड राज्य परिषद के उपाध्यक्ष और वैदेही मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दिलू पारिख ने अधिक वित्तीय पहुंच, सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता, कौशल विकास और डिजिटल परिवर्तन के माध्यम से एमएसएमई को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
उन्होंने संरचनात्मक चुनौतियों का समाधान करने और एमएसएमई को स्थायी रूप से आगे बढ़ने में सक्षम बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया. सीआईआई जमशेदपुर जोनल काउंसिल के उपाध्यक्ष और सीटीसी प्रेजिशन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ विशाल कुमार अग्रवाल ने झारखंड के एमएसएमई को सशक्त बनाने में कनेक्ट, सहयोग और विकास विषय के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने महामारी के बाद एमएसएमई के लचीलेपन पर प्रकाश डाला और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के साथ सरायकेला-खरसावां जिले जैसे क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक शक्ति के रूप में प्रशंसा की.
नवाचार पर जोर
सीआईआई झारखंड एमएसएमई पैनल के संयोजक और टाटा मोटर्स लिमिटेड के आपूर्ति श्रृंखला प्रमुख राजीव बंसल ने नवाचार, रोजगार और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में एमएसएमई की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित किया. उन्होंने वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी उद्यम बनाने के लिए डिजिटलीकरण, कौशल और जेडइडी तथा एलइएएन जैसे गुणवत्ता ढांचे को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
30 अक्टूबर-एक नवम्बर को सेफ्टी टॉक
सत्र को सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और एमडेट जमशेदपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रणजोत सिंह, सीआईआई झारखंड एमएसएमई पैनल के सह संयोजक और हिमालय एंटरप्राइजेज के पार्टनर राजीव शुक्ला, सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और हाईको इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और एमडी तपस साहू ने विश्व एमएसएमई दिवस 2025 के वैश्विक महत्व पर जोर दिया. कार्यक्रम में विश्व एमएसएमई दिवस के अवसर पर सीआईआई झारखंड सुरक्षा पैनल ने आगामी कार्यक्रम सीआईआई झारखंड सेफ्टी टॉक 2025 की घोषणा की जो 30 अक्टूबर-1 नवंबर 2025 को होटल क्रूज जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा. इसके लिए वेबसाइट का शुभारंभ संयोजक सीआईआई झारखंड सेफ्टी पैनल और टाटा स्टील लिमिटेड के सुरक्षा प्रमुख नीरज सिन्हा ने किया.

