
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): श्री चित्रांश महापरिवार कल्याण समिति द्वारा आज एमआईजी कॉलोनी, आदित्यपुर_02 स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती श्रद्धाभाव से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत राजेन्द्र बाबू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई।
बैठक में आगामी 18 जनवरी को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समिति ने तैयारियों को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
साथ ही, समिति ने भालूबासा निवासी अयोध्या श्रीवास्तव की पत्नी के उपचार के लिए 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, जिससे सामाजिक सरोकार को और मजबूती मिली।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक रंजन प्रदीप, अध्यक्ष भैया सूरज भूषण प्रसाद, महासचिव मधुकर श्रीवास्तव, डॉ. कुमकुम सिंहा, उपाध्यक्ष गुंजन नंदन सहाय, आलोक श्रीवास्तव, ज्ञानरंजन श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिंहा, रोहित सिंहा समेत कई सदस्य मौजूद थे।

