
उदित वाणी, जमशेदपुर : बाल दिवस के अवसर पर टेल्को स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल में शुक्रवार को भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या सुमिता डे सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के आलोक चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया.

मेले की शुरुआत सुबह होने के साथ ही स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला. दोपहर तक बच्चों और अभिभावकों का स्टॉलों पर जमावड़ा लगा रहा. बाल मेले में चार्ट, चाऊमीन, समोसा, आइसक्रीम, मोमोस, गोलगप्पा, झूला, संगीत और विभिन्न खेलों के स्टॉल लगाए गए. खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया.

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संगीत प्रस्तुति रही, जिसमें बच्चों ने भरपूर उत्साह से भाग लिया. मेले के सफल आयोजन में विद्यालय की प्राचार्या सुमिता डे, उप-प्राचार्या, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा.

