
उदित वाणी, जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि अलका तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया और राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी। उन्होंने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता, दूरदर्शिता एवं प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी और राज्य सरकार की विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी।
इस अवसर पर नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य के नए विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव/सचिव और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

