
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओडिशा के मयूरभंज जिले अंतर्गत तीरिंग थाना पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए रायरंगपुर से चोरी गई अर्टिका कार के साथ फरार दो आरोपियों को जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित हितकू से धर दबोचा। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीरिंग और सुंदरनगर थाना की संयुक्त कार्रवाई चल रही थी। हाई स्पीड में भाग रही चोरी की इस कार ने रास्ते में कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दो से तीन लोग घायल हो गए। घायलों का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार किया गया है।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब तीरिंग पुलिस को सूचना मिली कि रायरंगपुर से चोरी गई अर्टिका कार जमशेदपुर की ओर भाग रही है। इस सूचना पर तीरिंग थाना पुलिस हरकत में आई और जमशेदपुर पुलिस को सतर्क किया गया। सुंदरनगर थाना को अलर्ट पर रखा गया और दोनों थानों की पुलिस ने मिलकर कार का पीछा करना शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिका कार लगभग 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान वह कई बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। एक महिला ने बताया कि उसका भतीजा घर के सामने खड़ा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकली। वहीं स्थानीय निवासी महेश दास ने बताया कि वह ठेले से नाश्ता लेने जा रहे थे और उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी। उसी समय तेज गति से आती कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और आगे निकल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तीन गाड़ियों की मदद से कार का पीछा शुरू किया। आखिरकार हितकू इलाके में कार को घेराबंदी कर रोक लिया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। पूछताछ के दौरान वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे थे।
सुंदरनगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अर्टिका कार रायरंगपुर से चोरी हुई थी। इस मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि क्या इनका संबंध किसी संगठित आपराधिक गिरोह से है या यह मामला केवल वाहन चोरी का है।
घटना में घायल लोगों की स्थिति स्थिर है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

