
उदित वाणी, कांड्रा: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री चंपाई सोरेन ने मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत रापचा, बुरुडीह और कलिकापुर को जोड़ने वाले प्रमुख सड़क का भूमि पूजन किया.
तकरीबन 29 करोड़ की लागत से बनने वाले इस सड़क का लाभ डेढ़ दर्जन से भी अधिक गांव के लोगों को मिलेगा. बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की मांग पूरा होता देख बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचे ग्रामीणों ने मंत्री चंपाई सोरेन का आभार जताया।सरायकेला पथ निर्माण विभाग के द्वारा 28.29 करोड़ से उक्त सड़क का निर्माण कराया जाएगा.
भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होते पहुंचे मंत्री चंपाई सोरेन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. भूमि पूजन कार्यक्रम में शरीक होते हुए मंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि लंबे समय से इस सड़क की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की गई थी.
जिसे देखते हुए सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि उच्च गुणवत्ता युक्त सड़क का निर्माण कराया जाएगा, लिहाजा काम पथ निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा. मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार शहर से लेकर गांव के विकास को लेकर संकल्पित है लिहाजा सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है.
मुख्यमंत्री गाड़ी बस योजना से जुड़ेंगे गांव
मंत्री चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड सरकार के प्रयास से सभी गांव को मुख्यमंत्री गाड़ी बस योजना से जोड़ा जा रहा है. ताकि गांव के लोग सीधे शहर से जुड़ पाए.
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण छात्रों को शहर तक लाकर शिक्षा प्रदान कराना है. मंत्री ने कहा कि जल्द ही सभी गांव में उक्त योजना को जोड़े जाने पर कार्य प्रारंभ होगा. भूमि पूजन कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन सरकार गठन होने के साथ ही कोरोना महामारी का प्रकोप था.
2 साल सरकार के हाथ बंधे थे लेकिन विगत 1 साल में सरकार ने 3 साल में किए जाने वाले कार्यों को पूरा कर दिखाया है. मंत्री चंपाई सोरेन ने भाजपा पर बरसते हुए कहा कि राज्य गठन में सर्वाधिक 17 साल तक राज करने वाले भाजपा सरकार ने आदिवासी मूलवासीयों को छलने का काम किया है.
बिहार यूपी के लोगों को आगे कर भाजपा ने नियोजन नीति रद्द कराने का षड्यंत्र रचा. जिससे स्थानीय मूल वासियों के हक और अधिकार से उन्हें वंचित रखा गया है.
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिप सदस्य पिंकी मंडल, रापचा पंचायत मुखिया सुखमति मार्डी, दुग्धा पंचायत मुखिया मोहन बास्के, प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष राम हांसदा, झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, पूर्व प्रमुख रामदास टुडू, झामुमो नेता बीटी दास, अविनाश सोरेन, झामुमो पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अमृत महतो,सोनाराम मार्डी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जगदीश महतो, आमीन मंडल, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


