
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया मंगलवार को रांची में झारखण्ड सरकार के उद्योग विभाग द्वारा आयोजित बैठक में शामिल हुए.
बैठक में झारखण्ड के उद्योग सचिव जितेन्द्र कुमार, विभिन्न व्यावसायिक संस्थाओं के प्रतिनिधि में शामिल थे. अध्यक्ष ने बताया कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई. बैठक में सिंहभूम चैम्बर ने विभिन्न मुद्दों को उद्योग सचिव के समक्ष रखा.
इसमें हैं- कोल्हान प्रमंडल में कोई बड़ी ऑटोमोबाइल उत्पादन करने वाली कंपनी की स्थापना, सभी जिलों में एक समान बिजली दर की व्यवस्था, मोबाइल कंपनियों की तरह उद्योगों को बिजली पोर्टेबिलिटी की सुविधा, जमशेदपुर जियाडा के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में संरचना जैसे स्ट्रीट लाइट, सड़क, समतल भूमि, सिवरेज एवं पेयजल आदि में सुधार, जियाडा जमशेदपुर क्षेत्र में रखरखाव के मद में उद्योगों से नियमित वसूली के तहत रखरखाव को सुनिश्चित करना, दुगनी, रूआम, भालोडीह तथा अन्य नवआवंटित भूमियों पर आधारभूत संरचनाएं विकसित करना.
साथ ही आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें फेज वन से सात तक का निर्माण कराना, खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करने, माइक्रो लैंड कलस्टर की स्थापना, अन्य राज्यों की तरह 30 वर्षों से अधिक समयावधि वाले उद्योगों को मालिकाना हक, प्रदूषण विभाग से संबंधित समस्याएं, क्रेन एवं मेटेरियल हैण्डलिंग इक्यूपमेंट को कंसेंट टीई के दायरे से पूंजी निवेश की गणना से बाहर रखना, प्रोडक्शन की तिथि का सर्टिफिकेट लेना आसान बनाना और इलेक्ट्रिक मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति करना शामिल है.
स्ट्रीट लाइट को जल्द ठीक कराया जाएगा
उद्योग सचिव ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सभी सड़कें तथा स्ट्रीट लाइट को जल्द ठीक करवाने का भी आश्वासन दिया. क्षेत्रीय निदेशक को वार्षिक एक करोड़ तक की राशि का अधिकार तक आधारभूत संरचानाओं को पूर्ण करने के लिए आदेश दिया तथा उद्योग सचिव ने जानकारी दी कि इलेक्ट्रिक मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति हेतु टेंडर निकाला गया है.

