
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने टाटा रेलवे स्टेशन के सेकेंड इंट्री गेट पर यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाएं जैसे, करंट रिजर्वेशन काउंटर, रिजर्वेशन चार्ट डिस्प्ले बोर्ड, रिजर्वेशन के स्टेट्स की जानकारी तथा पूछताछ काउंटर नहीं होने को लेकर दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अर्चना जोशी को पत्र लिखा है.
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन, चक्रधरपुर डिवीजन के अंतर्गत सबसे ज्यादा राजस्व उपलब्ध कराने वाला स्टेशन है तथा इस डिवीजन में सबसे ज्यादा यात्रियों का आवागमन होता है.
टाटानगर रेलवे स्टेशन की गिनती स्मार्ट रेलवे स्टेशनों में होने लगी है, लेकिन सेकेंड इंट्री गेट पर कई सुविधाएं नहीं होने के चलते यात्रियों को काफी परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वारा में अधिक भीड़ भाड़ को कम करने तथा यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सेकेंड इंट्री गेट का निर्माण किया गया था.
लेकिन इन सुविधाओं की कमी से सेकेंड इंट्री गेट खोलने का पूरा लाभ न ही रेलवे को मिल रहा है और न ही यात्रियों को. इसलिए सेकेंड इंट्री गेट पर मुख्य इंट्री गेट की तरह ही अन्य सुविधाएं करेंट रिजर्वेशन काउंटर, रिजर्वेशन चार्ट डिस्प्ले बोर्ड, रिजर्वेशन के स्टेट्स की जानकारी तथा पूछताछ काउंटर की व्यवस्था करने की जरूरत है.

