
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने रेल यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक अर्चना जोशी को पत्र लिख ट्रेन संख्या 18181-82 (टाटा-छपरा एक्सप्रेस) और ट्रेन संख्या 18103-04 (जलियांवाला बाग एक्सप्रेस) को टाटानगर से फिर से रोजाना चलाने की मांग की है.
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने ट्रेन संख्या 18029-30 (हावड़ा-कुर्ला एक्सप्रेस ) एवं ट्रेन संख्या 18615-16 (क्रिया योग एक्सप्रेस) का चाकुलिया स्टेशन पर पुनः ठहराव की भी मांग की है.
टाटा-छपरा ट्रेन को रोजाना चलाया जाय
अध्यक्ष ने बताया कि ट्रेन संख्या 18181-82 (टाटा-छपरा एक्सप्रेस) अभी सप्ताह में चार दिन एवं ट्रेन संख्या 18103-04 (जलियांवाला बाग एक्सप्रेस) सप्ताह में दो दिन टाटानगर स्टेशन से चलाई जा रही है.
जबकि पूर्व में दोनों ट्रेनों को सप्ताह में पूरे सातों दिन चलाई जा रही थी. बिहार एवं पंजाब के लोग काफी संख्या में जमशेदपुर एवं इसके आसपास रहते हैं. इसलिए इन दोनों राज्यों में यहां से जाने और आने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है.
अभी वर्तमान में इन दोनों ट्रेनों के फेरे टाटानगर से कम कर दिए जाने के कारण आम यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है, जिसमें बच्चे, महिला एवं बुजुर्ग यात्री भी शामिल है.
चाकुलिया स्टेशन पर हो ठहराव
विजय आनंद मूनका ने बताया कि चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर कोरोना के पूर्व ट्रेन संख्या 18029-30 (हावड़ा-कुर्ला एक्सप्रेस) एवं ट्रेन संख्या 18615-16 (क्रिया योग एक्सप्रेस) का ठहराव होता था, लेकिन कोरोना काल समाप्त होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने पर इन दोनों ट्रेनों का चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर ठहराव बंद कर दिया गया है.
इससे आम लोगों के साथ-साथ, व्यापारी, मजदूर वर्ग, सरकारी कर्मचारी एवं विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मांग पत्र की प्रतिलिपि रेल मंत्री अश्विन वैष्णव तथा चेयरमैन, रेलवे बोर्ड, भारत सरकार को भी प्रेषित किया गया है.

