
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र में एक चोरी से संबंधित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. रायगढ़ा पुलिस के सहयोग से चाकुलिया पुलिस ने बाजपेई नगर, गुलगुलिया पाड़ा में छापेमारी कर भारी मात्रा में चांदी और सोने जैसे आभूषण बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में गीता सबर, पत्नी परदेशिया उर्फ दीपक सबर, को गिरफ्तार किया गया.
मामला रायगढ़ा थाना कांड संख्या 224/2025 से जुड़ा हुआ है, जिसमें एक महिला को सीसीटीवी फुटेज में अपराध करते हुए देखा गया था. उक्त महिला के चाकुलिया निवासी सरोज सबर के संपर्क में होने की सूचना पर कार्रवाई की गई.
पुलिस ने छापेमारी के दौरान गीता सबर के घर से 3.660 किलोग्राम चांदी जैसे गहने और 47 ग्राम सोने जैसे गहने बरामद किए. साथ ही, एक फोल्डेबल चाकू और लोहे का सबल भी मिला. बरामद समान का कोई वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किया गया.

छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
पु.अ.नि. संतोष कुमार (थाना प्रभारी, चाकुलिया)
पु.अ.नि. अजीत कुमार
स.अ.नि. पिताम्बर मंडल समेत अन्य पुलिसकर्मी और महिला चौकीदार
कोवाली: एक ही परिवार पर हमला कर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
कोवाली थाना क्षेत्र के चाँपी गांव में 13 जुलाई की मध्यरात्रि एक ही परिवार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में निरासी सरदार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी बेटी गुलाबी सरदार और नातिन संध्या सरदार गंभीर रूप से घायल हुई थीं. दोनों का इलाज रिम्स रांची में चल रहा है.
अनुसंधान के क्रम में शिशुधर सरदार (50) और बिक्रम सरदार (20) को गिरफ्तार किया गया. दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदाल और चापड़ (कटारी) भी बरामद किए गए हैं.
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
पु.अ.नि. धनंजय कुमार पासवान (थाना प्रभारी, कोवाली)
पु.अ.नि. अजन्ता महतो
पु.अ.नि. सिदो मुर्मू और अन्य पुलिसकर्मी
पुलिस ने दोनों मामलों में तत्परता से कार्रवाई करते हुए अपराधियों को पकड़ने और सबूत जुटाने का कार्य किया है. आगे की जांच जारी है.

