
उदित वाणी जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का समय परिवर्तित कर दिया है। इस वजह से यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे ने अग्रिम सूचना जारी करते हुए संशोधित प्रस्थान समय की जानकारी दी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 12261 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)–हावड़ा एक्सप्रेस, जो 09 सितंबर 2025 को प्रस्थान करने वाली थी, उसका निर्धारित समय शाम 5:15 बजे था। अब यह ट्रेन संशोधित होकर 10 सितंबर 2025 को रात 12:20 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार, 12221 पुणे–हावड़ा एक्सप्रेस के दो ट्रिप भी प्रभावित हुए हैं। यह ट्रेन 01 सितंबर 2025 को पुणे से शाम 3:15 बजे खुलनी थी, लेकिन अब इसका नया प्रस्थान समय रात 8:30 बजे होगा। वहीं, यही ट्रेन 08 सितंबर 2025 को भी निर्धारित समय 3:15 बजे के बजाय रात 8:30 बजे खुलेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, 139 सेवा तथा हेल्पलाइन नंबरों के जरिए अपडेट मिल सकेगा।
रेलवे ने कहा है कि यह अस्थायी बदलाव केवल तकनीकी कार्यों के सुचारू निष्पादन के लिए है और कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर ही चलेंगी।

