
उदित वाणी, चाईबासा: नोवामुंडी प्रखंड के बड़ाजामदा बाजार में आज सुबह अचानक शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई. जिसमें दर्जन भर से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गई.
आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन आग और भड़कती ही रही और पूरे बाजार को अपने कब्जे में ले लिया। आग लगने के कारण एक दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया जिसके कारण आग और बेकाबू हो गई. कई घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो गया.
चूंकि बड़ाजामदा क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता नहीं है इसलिए किरीबुरू एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर द्वारा टाटा स्टील नोआमुंडी प्रबंधन से संपर्क करके दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया.
लेकिन यह सब कुछ करने में इतना समय बीत गया कि आग को और बढ़ने का मौका मिल गया. बताया जा रहा है कि करीब 20 दुकानें जलकर स्वाहा हो गई है. कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान से सामान को निकालने का प्रयास किया। लेकिन उन्हें पूरी तरह सफलता नहीं मिल पाई. इस आगलगी की घटना में लाखों रुपए के नुकसान की संभावना जताई जा रही है.
Advertisement
<

