
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित ग्रेजुएट कॉलेज के जीवविज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा आज अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस और वन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सेमेस्टर-3 और सेमेस्टर-4 की छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जमशेदपुर के सहयोग से किया गया, जिसमें शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी के निर्देशन में छात्राओं ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस मौके पर “Save Tiger, Save Yourself” विषय पर एक विशेष व्याख्यान हुआ, जिसे जीवविज्ञानी और शिक्षा अधिकारी डॉ. सीमा रानी ने प्रस्तुत किया। इसके बाद बाघों पर आधारित कीपर टाइप टॉक का आयोजन हुआ, जिसमें टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के क्यूरेटर डॉ. संजय कुमार महतो ने बाघों की दिनचर्या, खान-पान, व्यवहार और मनोवृत्तियों पर विस्तार से जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त, छात्राओं ने म्यूजियम अवलोकन, वृक्षारोपण कार्यक्रम और पार्क भ्रमण जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। इन सभी गतिविधियों का संचालन पी. पी. एक्का और डॉ. नम्रता कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। साथ ही छात्रों में प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण की भावना को जागृत करना भी था।

