
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के धोबनी स्थित टोला बड़दहो में 65 वर्षीय महिला की हत्या और साक्ष्य छुपाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका की पहचान भावी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश और पुराना विवाद कारण बताया जा रहा है।
नामजद आरोपियों में उलासी सिंह, रवनी सिंह और सोमवारी सिंह को शामिल किया गया है। तीनों आरोपी बोड़ाम थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना 4 अगस्त की है। भावी सिंह उस दिन सुबह कुईयानी गांव जाने की बात कह कर घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन यानी 5 अगस्त को उनका शव बड़दहो और धोबनी के बीच एक पुलिया के पास से बरामद किया गया। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया। मृतका के पति जगन्नाथ सिंह की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में एक बेटा है, जो घटना के वक्त घर पर नहीं था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर यह घटना घटी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

