
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष छापामारी अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। इसी क्रम में 14 दिसंबर को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद–बिक्री में संलिप्त दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिदगोड़ा थाना अंतर्गत कुछ युवक ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे हैं और ग्राहकों को पुड़िया के रूप में नशीला पदार्थ बेच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर चिन्हित स्थान पर छापामारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 43 पुड़िया ब्राउन शुगर, 03 मोबाइल फोन तथा 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने ब्राउन शुगर की खरीद–बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वे लंबे समय से नशे के इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और स्थानीय युवाओं को नशे की लत की ओर धकेल रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
सिदगोड़ा थाना में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

