
उदित वाणी, जमशेदपुर : नशा व आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगसलाई थाना पुलिस ने शनिवार (23 अगस्त) की शाम एक बड़ी सफलता हासिल की। थाना क्षेत्र में विशेष गश्ती और अड्डाबाजी के खिलाफ छापामारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को 15 पुड़िया ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे पुलिस टीम एंटी-क्राइम चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान उजले रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक तेज रफ्तार से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने की कोशिश करने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से 15 पुड़िया ब्राउन सुगर बरामद हुई। उसने पूछताछ में बताया कि वह इसे आदित्यपुर से खरीदकर बेचने के लिए ला रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 1240 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन (एक मल्टीमीडिया और एक कीपैड) तथा स्कूटी (जेएच-05 डीएक्स 7643) भी जब्त की है। गिरफ्तार युवक की पहचान आमिर गद्दी (28) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आमिर पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जुगसलाई थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

