
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक से 1 नवंबर को बरामद अज्ञात शव की पहचान अब हो गई है। शव उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5, जेपी स्कूल के समीप रहने वाले 18 वर्षीय हंश कुमार का निकला है, जो करीम सिटी कॉलेज में इंटरमीडिएट (+2) का छात्र था। हंश के पिता मिथिलेश शर्मा चाईबासा जिला के नीमडीह थाना में पुलिस अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हंश 30 अक्टूबर की दोपहर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। मंगलवार को वे डिमना लेक पहुंचे, जहां स्थानीय मछुआरों ने झील में शव मिलने की सूचना दी। इसके बाद परिजन बोड़ाम थाना पहुंचे और हंश की फोटो दिखाकर शव की शिनाख्त की। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि 1 नवंबर को डिमना लेक से पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया था, जिसकी पहचान नहीं हो पाई थी। अब उस शव की पुष्टि हंश कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि हंश धार्मिक प्रवृत्ति का युवक था और पूजा-पाठ में विशेष रुचि रखता था। वह अक्सर अपने घरवालों से वृंदावन जाने की इच्छा व्यक्त करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

