
उदित वाणी जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के जीसू भवन के पीछे छठ घाट के पास गुरुवार की रात एक 55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। यह शव नदी किनारे झाड़ियों में फंसा हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ज़ब्त कर एमजीएम शीतगृह भेज दिया।
घटनास्थल पर मछुआ समाज के लोगों ने बताया कि जब आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचे, तो उनकी नजर झाड़ियों में फंसे शव पर पड़ी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और मछुआ समाज के लोगों ने मिलकर शव को बाहर निकाला।
शव को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 55 वर्ष है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में महिला की पहचान के लिए पूछताछ कर रही है।
शव बरामद होने की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई महिला की पहचान से संबंधित जानकारी हो, तो तत्काल आजादनगर थाना में संपर्क करें।

